सोनाली राउत एक जानी-मानी मॉडल और एक्ट्रेस हैं। ‘बिग बॉस-8’ की कंटेस्टेंट रह चुकीं सोनाली अपने अलग अंदाज और ग्लैमरस लुक्स की वजह से चर्चा में रहती हैं। सोनाली अपने ग्लैमरस लुक्स की वजह से लाइमलाइट में रहना बखूबी जानती हैं।

23 दिसंबर 1990 को मुंबई में जन्मी सोनाली राउत ने मीठीबाई कॉलेज, मुंबई से स्नातक किया। सोनाली सुपरमॉडल उज्ज्वला राउत की बहन हैं और उनके पिता पुलिस उपायुक्त हैं। 2010 में 19 साल की उम्र में सोनाली किंगफिशर की कैलेंडर गर्ल बन गईं।

सोनाली बाद में मैक कॉस्मेटिक्स, पीसी चंद्रा ज्वैलर्स, लिम्का, वेस्टसाइड, पैंटालून्स जैसे कई लोकप्रिय ब्रांडों का चेहरा बनीं। इसके अलावा सोनाली ने अभिषेक बच्चन के साथ आइडिया, नील नितिन मुकेश के साथ सियाराम और आईबॉल जैसे कई टेलीविजन विज्ञापनों में भी काम किया है। साल 2011 में सोनाली ने अभिनेता रणवीर सिंह के साथ मैक्सिम मैगजीन के लिए फोटोशूट कराया था, जिसके लिए दोनों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

सोनाली ‘बिग बॉस सीजन 8’ से चर्चा में आई थीं। शो में सोनाली का ग्लैमरस अवतार के साथ-साथ गुस्सैल अवतार भी नजर आया। शो में सोनाली ने गुस्से में अली कुली मिर्जा को थप्पड़ मार दिया, जिसने उन पर भद्दी टिप्पणी की थी।

सोनाली मशहूर मॉडल होने के साथ-साथ बॉलीवुड फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। साल 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘एक्सपोज’ में सोनाली हिमेश रेशमिया और यो यो हनी सिंह के साथ मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म ‘हेट स्टोरी 3’ में सोनाली को मुख्य भूमिका की पेशकश की गई थी लेकिन उन्होंने उस भूमिका को करने से इनकार कर दिया।

2016 में सोनाली राउत फिल्म ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’ में भी शाइनी का किरदार निभाती नजर आई थीं। वह फिल्म ‘लिपस्टिक लगा के’ के आइटम सॉन्ग में भी नजर आई थीं। ‘लिपस्टिक लगा के’ गाना इतना लोकप्रिय हुआ कि यह 2016 के टॉप 20 गानों में से एक था।

साल 2020 में सोनाली डायरेक्टर भूषण पटेल और प्रोड्यूसर मीका सिंह की वेब सीरीज ‘डेंजरस’ में बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर के साथ नजर आईं। इस सीरीज को विक्रम भट्ट ने लिखा था। साल 2020 में ही सोनाली का सिंगर शान के साथ ‘स्नाइपर’ नाम का म्यूजिक वीडियो रिलीज हुआ था।